भारत बंद : 25 करोड़ कर्मचारी हड़ताल पर, बैंक, डाकघर और परिवहन सेवाएं रहेंगी ठप

  • Post By Admin on Jul 09 2025
भारत बंद : 25 करोड़ कर्मचारी हड़ताल पर, बैंक, डाकघर और परिवहन सेवाएं रहेंगी ठप

नई दिल्ली : देशभर में आज व्यापक भारत बंद का असर देखने को मिलेगा। 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त आह्वान पर आयोजित इस हड़ताल में करीब 25 करोड़ श्रमिकों और कर्मचारियों के शामिल होने की उम्मीद है। यह हड़ताल केंद्र सरकार की "मजदूर विरोधी, किसान विरोधी और कॉर्पोरेट समर्थक नीतियों" के खिलाफ एकजुट विरोध के रूप में देखी जा रही है।

हड़ताल का असर बैंकिंग, बीमा, डाक सेवाएं, कोयला खनन, राज्य परिवहन और सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख उद्योगों पर पड़ने की संभावना है। हिंद मजदूर सभा के नेता हरभजन सिंह सिद्धू ने बताया कि यह हड़ताल देश के औद्योगिक और सार्वजनिक तंत्र को प्रभावित करेगी। कई राज्यों में फैक्ट्रियां, ट्रांसपोर्ट और सरकारी कार्यालयों में कामकाज बाधित रहेगा।

सरकार की नीतियों पर तीखा हमला

प्रदर्शनकारी संगठनों ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि वह लगातार श्रमिकों और किसानों के हितों को नजरअंदाज कर रही है। यूनियनों ने यह भी कहा कि सरकार पिछले 10 वर्षों से वार्षिक श्रम सम्मेलन का आयोजन तक नहीं कर रही, जिससे संवादहीनता बढ़ी है।

ट्रेड यूनियनों ने श्रम मंत्री मनसुख मांडविया को पहले ही 17 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा था। इसमें बेरोजगारी, महंगाई, मनरेगा के कार्यदिवसों में बढ़ोतरी, नियमित नियुक्तियों और सामाजिक क्षेत्र के बजट में कटौती जैसे मुद्दे शामिल थे।

उनका कहना है कि सरकार रोजगार देने की जगह सेवानिवृत्त कर्मियों को दोबारा नियुक्त करने में जुटी है, जबकि देश की 65% आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। 20-25 वर्ष के आयु वर्ग में बेरोजगारी की दर सबसे अधिक है।

शहरी मनरेगा और न्यूनतम मजदूरी जैसे कानूनों की मांग

हड़ताल करने वाले संगठन शहरी मनरेगा जैसी योजना की मांग कर रहे हैं, ताकि शहरी बेरोजगारों को भी रोजगार की गारंटी मिल सके। साथ ही, वे न्यूनतम मजदूरी, ठेका प्रथा पर रोक और सरकारी पदों पर भर्ती तेज करने जैसी मांगें उठा रहे हैं।

उनका कहना है कि सरकार ईएलआई (रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना) जैसी नीतियों के जरिए नियोक्ताओं को फायदा पहुंचाने में जुटी है, जबकि युवाओं को रोजगार देने की गंभीर कोशिशें नहीं हो रही हैं।

आम लोगों को हो सकती है परेशानी

भारत बंद के चलते आज बैंकों, डाकघरों, कोयला खदानों और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर खासा असर पड़ सकता है। कई राज्यों में सड़क परिवहन के ठप रहने की आशंका है, जिससे यात्रियों को कठिनाई हो सकती है। बैंकिंग और बीमा सेवाएं भी बाधित होंगी, जिससे लेन-देन से जुड़े कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

प्रशासन और पुलिस ने बंद के दौरान शांति बनाए रखने के निर्देश जारी किए हैं। देशभर में हाई अलर्ट है, खासकर उन राज्यों में जहां ट्रेड यूनियनों का प्रभाव ज्यादा है।