भारत-रूस पर ट्रंप का प्रहार : दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को बताया मरा हुआ, भारत पर लगाया 25 प्रतिशत टैरिफ
- Post By Admin on Jul 31 2025

वॉशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और रूस के बीच बढ़ते सहयोग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर पोस्ट करते हुए दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को “मरी हुई” बताते हुए कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि भारत रूस के साथ क्या कर रहा है। यह बयान ऐसे वक्त आया है जब कुछ घंटे पहले ही ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी।
ट्रंप ने लिखा, “मुझे फर्क नहीं पड़ता कि भारत रूस के साथ क्या करता है। वे दोनों मिलकर अपनी मृत अर्थव्यवस्थाओं को और कैसे गिरा सकते हैं, इससे भी कोई फर्क नहीं पड़ता।” ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि भारत के टैरिफ दुनिया में सबसे अधिक हैं और इसी कारण अमेरिका-भारत व्यापार बेहद सीमित है।
उन्होंने पोस्ट में यह भी जिक्र किया कि जैसे भारत और अमेरिका के बीच व्यापार नहीं के बराबर है, वैसा ही रूस और अमेरिका के बीच भी होना चाहिए। ट्रंप का यह बयान वैश्विक मंच पर भारत-रूस सहयोग को लेकर एक स्पष्ट असहजता को दर्शाता है।
रूस के पूर्व राष्ट्रपति और वर्तमान सुरक्षा परिषद उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव को चेतावनी देते हुए ट्रंप ने लिखा, “मेदवेदेव, जो खुद को अब भी राष्ट्रपति समझते हैं, खतरनाक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्हें अपनी बातों पर ध्यान देना चाहिए।”
ट्रंप की नाराज़गी का मुख्य कारण रूस-यूक्रेन युद्ध पर पुतिन की अनदेखी और भारत द्वारा रूस से तेल और हथियारों की खरीद है। उन्होंने संकेत दिया कि इस व्यवहार के लिए भारत को आर्थिक दंड भुगतना होगा। ट्रंप बीआरआईसी देशों खासकर रूस, भारत और चीन के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी खासे नाराज हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप के इस रुख से भारत-अमेरिका व्यापारिक संबंधों में तनाव बढ़ सकता है, वहीं भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को लेकर अमेरिका की नाराजगी अब खुलकर सामने आ चुकी है।