यूक्रेन युद्ध को लेकर पुतिन से नाराज़ हुए ट्रंप, रूस पर नए प्रतिबंधों के दिए संकेत
- Post By Admin on Jul 09 2025

वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि वे पुतिन से "खुश नहीं" हैं और रूस पर नए प्रतिबंधों पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। व्हाइट हाउस में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने घोषणा की कि उन्होंने यूक्रेन को अतिरिक्त "रक्षात्मक हथियारों" की आपूर्ति को मंजूरी दे दी है।
ट्रंप ने कहा, "हम यूक्रेन को कुछ और रक्षात्मक हथियार भेज रहे हैं और मैंने इसकी स्वीकृति दे दी है।"
उन्होंने रूसी हमलों पर चिंता जताते हुए कहा, "रूसी और यूक्रेनी सैनिक हजारों की संख्या में मारे जा रहे हैं। यह स्थिति चिंताजनक है और मैं इससे संतुष्ट नहीं हूं।" ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि वे रूस पर प्रतिबंध लगाने वाले एक द्विपक्षीय सीनेट विधेयक का समर्थन करने पर विचार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब रूस ने यूक्रेन में अपने नए क्षेत्रीय कब्जे का दावा किया है। इससे पहले सोमवार को भी ट्रंप ने यूक्रेन को अतिरिक्त सैन्य मदद देने की घोषणा की थी। हालांकि हाल ही में अमेरिका ने अचानक कीव के लिए कुछ हथियार शिपमेंट को रोक दिया था, जिससे यूक्रेनी अधिकारियों में असमंजस की स्थिति बन गई थी।
ट्रंप ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने पुतिन से फोन पर बातचीत की थी, लेकिन बातचीत के बावजूद यूक्रेन संघर्ष के समाधान में कोई खास प्रगति नहीं हुई। उन्होंने कहा, "हमने यूक्रेन युद्ध सहित कई मुद्दों पर बात की, लेकिन नतीजा संतोषजनक नहीं रहा।"
इस बीच, क्रेमलिन के वरिष्ठ अधिकारी यूरी उशाकोव ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच फोन पर करीब एक घंटे लंबी बातचीत हुई, जिसमें यूक्रेन युद्ध, ईरान और मध्य-पूर्व की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। पुतिन ने ट्रंप को इस्तांबुल में हुई रूस-यूक्रेन वार्ता में हुए मानवीय समझौतों के क्रियान्वयन की जानकारी दी और कहा कि रूस अब भी राजनीतिक समाधान के लिए बातचीत को तैयार है।
हालांकि पुतिन ने यह स्पष्ट किया कि रूस अपने घोषित लक्ष्यों से पीछे नहीं हटेगा और संघर्ष के मूल कारणों को खत्म करने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम रहेगा।
इस घटनाक्रम के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और रूस के रिश्तों में एक बार फिर तल्खी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।