हूती विद्रोहियों का आतंक : मालवाहक जहाज पर किया मिसाइल हमला, तीन नाविकों की मौत
- Post By Admin on Jul 09 2025
.jpg)
यमन : लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय शिपिंग पर एक बार फिर गंभीर संकट मंडराता दिखा, जब हूती विद्रोहियों ने 6 जुलाई को एक व्यावसायिक मालवाहक जहाज पर भीषण हमला कर उसे समुद्र में डुबो दिया। इस हमले में तीन नाविकों की मौत, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यूरोपीय संघ के नौसैनिक मिशन 'ऑपरेशन एस्पाइड्स' ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जहाज पर तैनात एक घायल नाविक ने हमले में अपना एक पैर भी गंवा दिया।
धमाकों से दो टुकड़ों में बंट गया जहाज
हूती विद्रोहियों द्वारा जारी किए गए वीडियो में देखा गया कि लाइबेरिया ध्वज के नीचे पंजीकृत और यूनानी स्वामित्व वाले बल्क कैरियर 'मैजिक सीज' पर पहले ड्रोन और मिसाइलों से हमला हुआ। फिर एक भीषण विस्फोट के बाद जहाज आग की लपटों में घिर गया और कुछ ही देर में एक और धमाके के साथ दो टुकड़ों में बंटकर लाल सागर में समा गया।
सुरक्षाबलों की जवाबी कार्यवाही नाकाम
घटना उस समय हुई जब जहाज स्वेज नहर की ओर बढ़ रहा था। हूती विद्रोहियों ने छोटे बोट्स, ड्रोन और रॉकेट-चालित ग्रेनेड के जरिए हमला किया। जहाज पर मौजूद सुरक्षाबलों ने जवाबी फायरिंग की, लेकिन हमला इतना तीव्र था कि वह बेअसर रहा।
नाकाबंदी उल्लंघन का आरोप, इजरायल को बताया निशाना
हूती विद्रोहियों ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि जहाज ने इजरायल पर लगाई गई उनकी नाकाबंदी का उल्लंघन किया था। हूती गुट लंबे समय से इजरायल-हमास संघर्ष के समर्थन में लाल सागर से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों को निशाना बना रहा है। उनका कहना है कि यह हमला भी उसी रणनीति का हिस्सा था।
वैश्विक व्यापार के लिए गंभीर चिंता
इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय में चिंता बढ़ गई है। लाल सागर वैश्विक व्यापार के लिए एक प्रमुख जलमार्ग है, और इस प्रकार की घटनाएं ग्लोबल सप्लाई चेन को प्रभावित कर सकती हैं। इस हमले की अमेरिका, यूरोपीय संघ और संयुक्त राष्ट्र सहित कई देशों और संगठनों ने कड़ी निंदा की है। जानकारों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियाँ समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए खतरा बन चुकी हैं।
पहले दिए गए सुरक्षित रेस्क्यू दावों की पुष्टि गलत साबित
घटना के बाद शुरू में कहा गया था कि 22 सदस्यों के पूरे दल को सुरक्षित बचा लिया गया है, लेकिन यूरोपीय नौसैनिक मिशन की रिपोर्ट ने इस दावे को खारिज करते हुए तीन मौतों और दो गंभीर घायलों की पुष्टि की है।
यह हमला न केवल क्षेत्रीय अशांति को और गहरा करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि समुद्री व्यापारिक मार्ग अब युद्ध और राजनीति के खतरनाक मोर्चे में तब्दील हो चुके हैं।