तालिबान का नया फरमान जारी, महिलाओं की आजादी पर एक और हमला
- Post By Admin on Dec 30 2024

अफगानिस्तान में तालिबान सरकार ने महिलाओं की स्वतंत्रता पर एक और कठोर कदम उठाते हुए नया फरमान जारी किया है। इस आदेश के अनुसार, नए घरों में खिड़कियां नहीं बनाई जाएंगी और पहले से मौजूद खिड़कियों को बंद करना होगा। तालिबान के सर्वोच्च नेता ने यह आदेश जारी करते हुए कहा है कि महिलाओं की झलक देखने से अश्लील हरकतें हो सकती हैं।
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने इस संबंध में एक्स पर बयान जारी किया। उन्होंने लिखा, "नई इमारतों में ऐसी खिड़कियां नहीं होनी चाहिए, जिनसे आंगन, रसोईघर, पड़ोसी का कुआं या महिलाओं द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली जगहें दिखाई दें।"
तालिबान सरकार ने म्यूनिसिपल अधिकारियों और अन्य संबंधित विभागों को आदेश दिया है कि वे नए घरों की निगरानी करें। यदि किसी घर में पहले से ऐसी खिड़कियां हैं जो पड़ोसी के घर की ओर खुलती हैं तो मकान मालिक को खिड़की बंद करनी होगी या दीवार खड़ी करनी होगी या फिर कुछ ऐसा इंतजाम करना होगा जिससे पड़ोसी उस जगह से घर में न देख पाए।तालिबान सरकार ऐसा इंतजाम करने में जुटी है कि न तो बाहर से उन्हें कोई देख पाए और न ही वो किसी बाहरी आदमी को देख पाएं।
गौरतलब है कि अगस्त 2021 में सत्ता में आने के बाद से ही तालिबान सरकार महिलाओं के अधिकारों पर प्रतिबंध लगा रही है। यहां तक कि उन्हें नौकरियां करने की भी अनुमति नहीं है। महिलाओं के लिए तालिबान की नीतियों पर संयुक्त राष्ट्र संघ ने भी नाखुशी जताई है। तालिबान अधिकारियों ने लड़कियों और महिलाओं के लिए प्राथमिक शिक्षा पर प्रतिबंध लगा दिया है। उनके पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों तक जाने पर भी रोक लगा दी गई है। हाल ही में यहां पर एक कानून बनाया गया है, जिसके मुताबिक महिलाओं पर सार्वजनिक रूप से गाना या कविता सुनने पर भी प्रतिबंधित लगाया गया है।