नेपाल की पहली अंतरिम महिला प्रधानमंत्री बनीं सुशीला कार्की, पढ़ें भारत के लिए क्या कुछ बोली

  • Post By Admin on Sep 12 2025
नेपाल की पहली अंतरिम महिला प्रधानमंत्री बनीं सुशीला कार्की, पढ़ें भारत के लिए क्या कुछ बोली

काठमांडू : नेपाल की राजनीति में नया इतिहास रचते हुए देश की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रह चुकीं सुशीला कार्की अब नेपाल की पहली अंतरिम महिला प्रधानमंत्री बन गई हैं। शुक्रवार देर शाम हुई सहमति के बाद राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

यह फैसला कई दिनों तक चले उथल-पुथल भरे हालात और 'जेन ज़ी' आंदोलनकारियों, राजनीतिक दलों, राष्ट्रपति पौडेल और कानूनी विशेषज्ञों के बीच हुई गहन चर्चाओं के बाद आया। कार्की ने केपी शर्मा ओली की जगह ली है, जिन्होंने भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया बैन को लेकर भड़के जनविरोध के बीच मंगलवार को इस्तीफ़ा दे दिया था। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनों और उससे जुड़ी हिंसा में अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे माहौल में सुशीला कार्की को युवाओं और आंदोलनकारियों का भरोसा हासिल हुआ। लोकप्रिय रैपर और काठमांडू के मेयर बालेन शाह ने भी कार्की के नाम का समर्थन किया था।

भारतीय टीवी चैनल सीएनएन-न्यूज़ 18 से बातचीत में कार्की ने कहा—

"युवाओं ने मुझसे अनुरोध किया और मैंने स्वीकार किया। मेरा पहला ध्यान उन परिवारों पर होगा, जिन्होंने अपने प्रियजनों को आंदोलन में खोया है। उनकी देखभाल करना हमारी जिम्मेदारी है।" उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन की पहली मांग प्रधानमंत्री का इस्तीफ़ा थी, जो पूरी हो चुकी है। अब अगला कदम भ्रष्टाचार हटाना और शीघ्र चुनाव कराना होगा।

सुशीला कार्की का सफर

  • जन्म: 7 जून 1952, बिराटनगर (नेपाल)
  • 1972: बिराटनगर से स्नातक
  • 1975: बीएचयू (वाराणसी) से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर
  • 1978: त्रिभुवन विश्वविद्यालय से क़ानून की पढ़ाई
  • 1979: बिराटनगर में वकालत की शुरुआत
  • 1985: धरान के महेंद्र मल्टीपल कैंपस में सहायक अध्यापिका
  • 2009: सुप्रीम कोर्ट में अस्थायी न्यायाधीश
  • 2010: स्थायी न्यायाधीश
  • 2016–2017: नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश

कार्की अपने सख्त रवैए और साफ-सुथरी छवि के लिए जानी जाती हैं। उनके नेतृत्व से उम्मीद की जा रही है कि नेपाल को मौजूदा अराजकता से निकालकर जल्द चुनावों की राह पर लाया जाएगा।