ईरानी मिसाइल हमले में घायल 91 वर्षीय होलोकॉस्ट सर्वाइवर ओल्गा का निधन
- Post By Admin on Aug 10 2025

तेल अवीव : इजरायल के रेहोवोट शहर में जून में हुए ईरानी मिसाइल हमले में गंभीर रूप से घायल 91 वर्षीय होलोकॉस्ट सर्वाइवर ओल्गा वीसबर्ग का दो महीने बाद निधन हो गया। हिब्रू मीडिया के अनुसार, 9 अगस्त की रात उनकी हालत अचानक बिगड़ने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।
ऑपरेशन "अम कलावी" के दौरान 13 जून को हुए हमले में ओल्गा गंभीर रूप से जख्मी हो गई थीं। उनका अंतिम संस्कार रविवार शाम 5 बजे रेहोवोट के ग्रोडस्की कब्रिस्तान में किया जाएगा। परिवार ने जनता से उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने की अपील की है। ओल्गा के परिवार में पति, एक बेटी, एक पोता और एक परपोता हैं। उनके पति भी होलोकॉस्ट से जीवित बचे थे।
द इजरायल टाइम्स के मुताबिक, 13 से 25 जून 2025 के बीच चले संघर्ष में 30 लोग मारे गए थे, जिनमें से 29 एक ही परिवार के सदस्य थे।
ओल्गा होलोकॉस्ट की प्रत्यक्षदर्शी और पीड़ित थीं। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 1933 में एडोल्फ हिटलर के सत्ता में आने के बाद यहूदियों पर अत्याचारों का सिलसिला शुरू हुआ, जो पोलैंड के ऑशविच कंसनट्रेशन कैंप में अपने चरम पर पहुंचा। यहां लाखों लोगों को भूख, बीमारी और गैस चैंबर में मौत का शिकार बनाया गया। 27 जनवरी 1945 को सोवियत रेड आर्मी ने कैंप के बचे लोगों को मुक्त कराया था।
ओल्गा का जीवन नाजी अत्याचारों और अब आधुनिक युद्ध की मार का साक्षी रहा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए इतिहास का दर्दनाक अध्याय बनकर रहेगा।