अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐक्शन, 500 से ज्यादा गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jan 24 2025
अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐक्शन, 500 से ज्यादा गिरफ्तार

अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने बड़े पैमाने पर कार्यवाई शुरू कर दी है। हाल ही में 500 से ज्यादा ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया गया है जो अवैध तरीके से अमेरिका में घुस आए थे। इस कार्यवाई को ट्रंप प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा उपायों के तहत देखा जा रहा है। जिसमें गिरफ्तारी के बाद उन प्रवासियों को मिलिट्री एयरक्राफ्ट से अमेरिका से बाहर भेजा गया।

वाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लिविट ने कहा कि कुल 538 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। जिनमें से सैकड़ों लोगों को अवैध रूप से अमेरिका में घुसने और यहां रहने के आरोप में देश से बाहर किया गया है। लिविट ने बताया कि इन लोगों को मिलिट्री एयरक्राफ्ट के माध्यम से अमेरिका से बाहर भेजा गया है। यह इस समय तक की सबसे बड़ी सीमा सुरक्षा ऑपरेशन में से एक है।

ट्रंप प्रशासन ने इस कार्यवाई को लेकर एक आदेश पर साइन किया है। जिसमें कहा गया है कि पिछले चार सालों में अमेरिका में अवैध प्रवासियों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। इन प्रवासियों को बाहर निकालने की जरूरत इसलिए पड़ी है ताकि अमेरिकी संसाधनों का इस्तेमाल देशवासियों के लिए किया जा सके, न कि अवैध प्रवासियों के लिए। आदेश में यह भी कहा गया है कि ये अवैध प्रवासी अमेरिकी कानूनों का उल्लंघन करते हुए देश में घुस आए हैं और अब ये राष्ट्रीय सुरक्षा तथा सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बन चुके हैं।

अमेरिकी प्रशासन ने यह भी दावा किया कि इन अवैध प्रवासियों के कारण निर्दोष अमेरिकी नागरिकों के साथ अपराध बढ़े हैं। प्रशासन का कहना है कि इन प्रवासियों द्वारा किए गए अपराधों के कारण अमेरिकी समाज में असुरक्षा का माहौल बना है।

इस दौरान, अमेरिकी कांग्रेस ने 23 जनवरी को लेकन रिले एक्ट को मंजूरी दी, जो यह तय करता है कि अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों को उनके गलत दस्तावेजों के आधार पर देश से बाहर किया जाए। यह एक्ट अवैध प्रवासियों के खिलाफ एक और कठोर कदम है।

ट्रंप प्रशासन ने यह घोषणा की है कि यह ऑपरेशन अमेरिका के इतिहास में सबसे बड़ा ऑपरेशन होगा। जिसमें बड़े पैमाने पर अवैध प्रवासियों को बाहर निकाला जाएगा। वाइट हाउस ने इस संबंध में ट्वीट करते हुए कहा कि ट्रंप ने यह वादा किया था और अब इसे साकार किया जा रहा है।