ताइवान के पास फिर चीनी घुसपैठ, तीसरे दिन भी जारी रही सैन्य गतिविधियां
- Post By Admin on Aug 06 2025

ताइपेई : ताइवान के आसपास चीन की सैन्य आक्रामकता थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को लगातार तीसरे दिन चीन ने ताइवान के वायु और समुद्री क्षेत्र में घुसपैठ की, जिसे लेकर ताइपेई में सतर्कता और चिंता दोनों बढ़ गई है।
ताइवान के रक्षा मंत्रालय (एमएनडी) के अनुसार, बुधवार सुबह 6 बजे तक कुल 16 चीनी सैन्य विमान, 6 नौसैनिक पोत और एक सरकारी जहाज ताइवान के आसपास सक्रिय पाए गए। इन 16 विमानों में से 8 ने ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा पार कर देश के उत्तर और पूर्वी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र (ADIZ) में घुसपैठ की।
ताइवान की सेना ने इस स्थिति पर सख्त प्रतिक्रिया देते हुए निगरानी बढ़ा दी है और लड़ाकू विमान, नौसैनिक पोत और तटीय मिसाइल प्रणाली तैनात कर दी गई है। मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “हमने स्थिति की बारीकी से निगरानी की और तुरंत जवाबी कार्रवाई की।”
यह लगातार तीसरा दिन है जब चीन ने ताइवान के आसपास बड़े पैमाने पर सैन्य गतिविधि की है। मंगलवार को 12 चीनी सैन्य विमान और 5 नौसैनिक पोत, जबकि सोमवार को 5 विमान और 6 नौसैनिक पोत ताइवान की सीमाओं के निकट देखे गए थे।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह गतिविधियां चीन की ओर से ताइवान पर दबाव बनाने की एक रणनीति का हिस्सा हैं, खासकर ऐसे समय में जब क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ रहा है।
गौरतलब है कि चीन ताइवान को अपना "अविभाज्य हिस्सा" मानता है और बार-बार बलपूर्वक पुनर्एकीकरण की बात करता रहा है, जबकि ताइवान स्वयं को 1949 से एक स्वतंत्र लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में संचालित करता है।
ताइवान की ओर से स्पष्ट किया गया है कि वह अपनी संप्रभुता और सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा और हर घुसपैठ का कड़ा जवाब देने के लिए तैयार है।
एशिया-प्रशांत क्षेत्र में यह तनावपूर्ण घटनाक्रम वैश्विक शक्तियों की निगाह में है और आने वाले दिनों में यह अमेरिका-चीन संबंधों पर भी असर डाल सकता है।