एवियन इन्फ्लूएंजा की पुष्टि, साइतामा के पोल्ट्री फार्म में हड़कंप
- Post By Admin on Dec 30 2025
टोक्यो : जापान के ग्रेटर टोक्यो क्षेत्र में एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) का पहला मामला सामने आया है। कृषि मंत्रालय ने मंगलवार को साइतामा प्रांत के एक पोल्ट्री फार्म में हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा की पुष्टि की, जो इस सीजन में देश का 12वां मामला है।
कृषि, वानिकी और मत्स्य मंत्रालय के अनुसार, प्रभावित फार्म साइतामा प्रीफेक्चर के रांजान टाउन में स्थित है, जहां लगभग 2.40 लाख मुर्गियां पाली जा रही थीं। चूंकि ग्रेटर टोक्यो क्षेत्र में टोक्यो के साथ साइतामा, चिबा और कनागावा प्रीफेक्चर शामिल हैं, इसलिए प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
साइतामा प्रांतीय सरकार ने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए फार्म की सभी मुर्गियों को मारकर नष्ट करने का फैसला किया है। इसके बाद उन्हें जलाने और दफनाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। साथ ही, फार्म और उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सैनिटाइजेशन और डिसइंफेक्शन अभियान चलाया जाएगा।
कृषि मंत्रालय ने कहा कि वायरस के फैलाव को रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। महामारी विज्ञान जांच टीम को प्रभावित फार्म में भेजा जा रहा है, ताकि संक्रमण के स्रोत और उसके फैलाव की पूरी जानकारी जुटाई जा सके। इसके अलावा, देशभर के सभी प्रीफेक्चरों को सतर्क रहने, समय पर जांच और रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने तथा पोल्ट्री फार्मों में जैव-सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जापान में बर्ड फ्लू का मौसम आमतौर पर शरद ऋतु से शुरू होकर अगले वर्ष की वसंत ऋतु तक रहता है। इस सीजन में अब तक सामने आए मामलों के चलते 36.5 लाख से अधिक मुर्गियों को पहले ही नष्ट किया जा चुका है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, एवियन इन्फ्लूएंजा मुख्य रूप से जंगली पक्षियों और घरेलू मुर्गियों को प्रभावित करता है और कुछ परिस्थितियों में यह जानवरों से इंसानों में भी फैल सकता है। हालांकि, यह बीमारी आमतौर पर इंसानों में एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में आसानी से नहीं फैलती।