रूस में भूकंप के बाद उठी सुनामी की रौद्र लहरें, सेवेरो-कुरील्स्क डूबा पानी में, मंजर देख कांप उठे लोग
- Post By Admin on Jul 30 2025

मॉस्को : रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र में बुधवार को आए 8.8 तीव्रता के भीषण भूकंप के बाद आई सुनामी ने तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई है। अब इस भयावह आपदा के एरियल वीडियो सामने आने लगे हैं, जिनमें विशाल लहरें सेवेरो-कुरील्स्क शहर को निगलती नजर आ रही हैं। समुद्र की ऊंची लहरों ने घर, इमारतें और सड़कें सबकुछ जलमग्न कर दिया है।
रूसी एकेडमी ऑफ साइंसेज के भूभौतिकीय सर्वेक्षण ने जो फुटेज साझा किया है, उसमें सुनामी की ताकत रौंगटे खड़े कर देने वाली नजर आती है। विशेषज्ञ इसे अब तक के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक बता रहे हैं, जो कामचटका प्रायद्वीप के पास समुद्र के भीतर आया था।
सेवेरो-कुरील्स्क में तबाही का मंजर
करीब 2,000 की आबादी वाला सेवेरो-कुरील्स्क शहर सबसे अधिक प्रभावित हुआ। रूसी आपातकालीन मंत्रालय के अनुसार, शहर के कई हिस्से सुनामी की लहरों से डूब गए, लेकिन समय रहते सभी नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
प्रशांत महासागर के तटवर्ती देशों में अलर्ट
भूकंप के बाद उठी 4 मीटर (लगभग 12 फीट) ऊंची लहरों के चलते जापान, चीन, न्यूजीलैंड और अमेरिका तक अलर्ट जारी कर दिया गया। तटीय इलाकों में लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों की आंखों देखी
एक स्थानीय निवासी ने बताया, "घर की दीवारें कांप रही थीं, हम डर के मारे कांप उठे। सौभाग्य से हमारा आपात बैग तैयार था, उसी को लेकर हम बाहर भागे। यह अनुभव बेहद डरावना था।"
प्रशासन की अपील – तट से दूर रहें
कामचटका क्षेत्र के गवर्नर व्लादिमीर सोलोडोव ने जनता से अपील की है कि सुनामी संभावित क्षेत्रों से दूर रहें और आपातकालीन घोषणाओं का पालन करें। उन्होंने टेलीग्राम पर कहा कि लहरों की शक्ति का आकलन किया जा रहा है और तटों पर अभी खतरा बना हुआ है।
अब तक की स्थिति
-
शहरों में इमारतों को भारी नुकसान, कई घर जलमग्न
-
कई घायल, हालांकि किसी की हालत गंभीर नहीं
-
सुनामी का अलर्ट अब भी सक्रिय
-
भूकंप के झटके रूस के साथ-साथ जापान और अमेरिका तक महसूस किए गए
यह आपदा एक बार फिर दिखा गई कि प्राकृतिक संकट की कोई पूर्व चेतावनी नहीं होती, लेकिन सतर्कता और तैयारी से जानें बचाई जा सकती हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान देने की अपील की है।