अफगानिस्तान : भूकंप में 622 की मौत, भारत ने हरसंभव मदद का दिया आश्वासन

  • Post By Admin on Sep 01 2025
अफगानिस्तान : भूकंप में 622 की मौत, भारत ने हरसंभव मदद का दिया आश्वासन

काबुल : अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में आए विनाशकारी भूकंप में अब तक 622 लोगों की मौत हो चुकी है और 1,000 से अधिक लोग घायल हैं। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई।

इस पर भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गहरी चिंता जताई और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए भूकंप पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए आश्वासन दिया कि भारत इस मुश्किल घड़ी में अफगानिस्तान को हरसंभव सहायता मुहैया कराएगा।

सरकारी रेडियो एंड टेलीविजन ऑफ अफगानिस्तान (आरटीए) ने बताया कि आपदा के बाद बचाव दल राहत कार्य में जुटा है। दूरदराज के इलाकों में नुकसान का आकलन कर मदद पहुंचाने का काम जारी है। अधिकारियों ने चेताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप 31 अगस्त को स्थानीय समयानुसार रात 11:47 बजे पूर्वी अफगानिस्तान में आया। भूकंप का केंद्र 27 किलोमीटर दूर और आठ किलोमीटर की गहराई पर था।

अफगानिस्तान भूकंप के प्रति संवेदनशील है, क्योंकि यह कई भूकंपीय फॉल्ट लाइनों पर स्थित है, जहां भारतीय और यूरेशियन प्लेटें मिलती हैं। पूर्वी अफगानिस्तान का पहाड़ी इलाका भूस्खलन के लिए भी जोखिमपूर्ण है, जिससे आपातकालीन बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

पिछले साल पश्चिमी अफगानिस्तान में आए भूकंप में 1,000 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। 7 अक्टूबर 2023 को 6.3 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें तालिबान सरकार के अनुसार लगभग 4,000 लोगों की जान गई थी।

संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय के अनुसार, पिछले एक दशक में अफगानिस्तान में भूकंपों में 7,000 से अधिक लोगों की मौत हुई है, औसतन हर साल 560 लोग प्राकृतिक आपदा के शिकार होते हैं।

मई 1998 में उत्तरी अफगानिस्तान के तखर और बदख्शां प्रांतों में आए भूकंप में लगभग 4,000 लोगों की जान गई थी, 100 गांव और 16,000 घर क्षतिग्रस्त हुए थे और 45,000 लोग बेघर हो गए थे।