महाराष्ट्र में मौसम विभाग का येलो अलर्ट : 12 जिलों में बारिश की आशंका, प्रशासन हाई अलर्ट पर

  • Post By Admin on Nov 01 2025
महाराष्ट्र में मौसम विभाग का येलो अलर्ट : 12 जिलों में बारिश की आशंका, प्रशासन हाई अलर्ट पर

मुंबई : महाराष्ट्र में फिर से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार सुबह 7 बजे राज्य के 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

आईएमडी के मुताबिक, मुंबई, ठाणे, रायगढ़, नंदुरबार, धुले, जलगांव, पुणे, नासिक, सतारा, सांगली और कोल्हापुर में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अरब सागर के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र और नमी भरी दक्षिण-पश्चिमी हवाओं की वजह से यह बारिश हो रही है।

हालांकि बारिश हल्की होगी, लेकिन फिसलन और जलभराव की स्थिति बन सकती है। मुंबई में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहेगी, जो दक्षिण-पूर्व दिशा से चलेगी।

आईएमडी ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे बिजली के उपकरणों से दूर रहें, पानी भरे इलाकों से गुजरने से बचें और फिसलन भरी सड़कों पर वाहन धीरे चलाएं। विभाग ने चेताया है कि अगर आसमान में बिजली चमके या तेज हवा चले, तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

मौसम विभाग ने यह भी कहा कि पूर्वानुमान हर तीन घंटे में अपडेट किया जाएगा। नवंबर के पहले सप्ताह तक हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। वहीं, मुंबई जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में प्रशासन को जल निकासी और ट्रैफिक व्यवस्था पर खास ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य सरकार ने संबंधित जिलों के प्रशासन को सतर्क कर दिया है। किसानों और मछुआरों से भी अपील की गई है कि वे मौसम की जानकारी नियमित रूप से लेते रहें और एहतियात बरतें।