चार लेबर कोड के विरोध में सड़क पर उतरे मजदूर, एक्टू के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन
- Post By Admin on Feb 12 2026
लखीसराय : केंद्रीय मजदूर संगठनों के आह्वान पर गुरुवार को आयोजित देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में लखीसराय जिले में भी स्थानीय मजदूर यूनियनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स (एक्टू) के बैनर तले शहर के नया बाजार स्थित केआरके मैदान से जिला समाहरणालय स्थित श्रम कार्यालय तक विशाल विरोध मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मजदूरों के साथ किसान भी शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान मजदूर हाथों में बैनर और यूनियन का झंडा लेकर श्रमिक हित से जुड़े नारे लगाते हुए केआरके मैदान से श्रम कार्यालय तक पहुंचे। इस दौरान पूरा मार्ग मजदूर एकता और अधिकारों से जुड़े नारों से गूंजता रहा।
एक्टू के सचिव अनिल राम एवं जिलाध्यक्ष मनोज तांती ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार लेबर कोड मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कोड्स के लागू होने से स्थायी रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और ट्रेड यूनियन अधिकारों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। मजदूर संगठन सरकार से चारों लेबर कोड को तत्काल निरस्त करने की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही न्यूनतम मजदूरी की गारंटी, ठेका प्रथा पर नियंत्रण, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, महंगाई पर नियंत्रण, मनरेगा का दायरा बढ़ाने और किसान-मजदूर विरोधी नीतियों को वापस लेने सहित नौ सूत्री मांगों के समर्थन में यह आंदोलन किया गया है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जिला समाहरणालय पहुंचने के बाद मजदूर संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने श्रम कार्यालय में अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और इसे सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव हर्षित यादव ने बताया कि भाकपा ट्रेड यूनियन एटक से संबद्ध कामगार निर्माण मजदूर जिला इकाई की ओर से भी एक दिवसीय राष्ट्रीय हड़ताल में सक्रिय समर्थन दिया गया। प्रदर्शन में कार्यालय सचिव अरुण कुमार सिंह, नगर सचिव श्रीराम भगत, सूर्यगढ़ा अंचल सचिव रामाशंकर प्रसाद गुप्ता, जिला परिषद सदस्य सुधीर बरई सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।