रेलवे ट्रैक पर गिरकर अज्ञात वृद्ध की दर्दनाक मौत, पहचान में जुटी पुलिस
- Post By Admin on Mar 19 2026
लखीसराय : जिले के किऊल रेल थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी रेलवे हॉल्ट के समीप एक दर्दनाक हादसे में लगभग 65 वर्षीय अज्ञात वृद्ध की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वृद्ध किसी अज्ञात ट्रेन से गिरकर रेल पटरी पर आ गया, जिससे उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। घटना स्थल डुमरी रेलवे हॉल्ट के पास पोल संख्या 431/21-23 के समीप अप लाइन ट्रैक बताया जा रहा है।
रेल पुलिस द्वारा तैयार मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उसके पास से कोई पहचान पत्र भी बरामद नहीं हुआ है।
मृतक ने सफेद रंग की धोती, सफेद गंजी और हल्के गेरुआ रंग का गमछा पहन रखा था। साथ ही उसकी कमर में एक लाल धागा बंधा हुआ पाया गया। शारीरिक बनावट के आधार पर उसकी उम्र करीब 65 वर्ष आंकी गई है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय भेज दिया है। मामले में कांड संख्या 01/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही मृतक के परिजनों की तलाश के प्रयास जारी हैं।