जयंती पर पूर्व मंत्री प्रो. नलिनी रंजन सिंह को श्रद्धासुमन, जनसेवा के योगदान को किया गया याद
- Post By Admin on Jul 06 2026
मुजफ्फरपुर : बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं चेतन साधन इंस्टीट्यूट के संस्थापक प्रो. नलिनी रंजन सिंह की जयंती संस्थान परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके राजनीतिक, शैक्षणिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें जनसेवा और मूल्य आधारित राजनीति का प्रतीक बताया।
संस्थान की चेयरपर्सन एवं प्रो. नलिनी रंजन सिंह की पुत्री श्रीमती सुमिता नूपुर ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके पिता ने राजनीति को हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित और उपेक्षित लोगों की सेवा का माध्यम माना। उन्होंने कहा कि विधायक और मंत्री के रूप में उनका पूरा सार्वजनिक जीवन नीतिगत ईमानदारी, पारदर्शिता और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। उनकी जनसेवा की भावना और लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए किए गए प्रयास आज भी प्रेरणास्रोत हैं।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. मो. अज़मततुल्लाह ने कहा कि प्रो. नलिनी रंजन सिंह केवल एक सफल राजनेता ही नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी शिक्षाविद भी थे। उन्होंने अपने सिद्धांतों और मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया तथा शिक्षा और समाजसेवा को हमेशा प्राथमिकता दी। डॉ. नवीन कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में जब मूल्य आधारित राजनीति की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है, ऐसे दौर में प्रो. सिंह का नैतिक, पारदर्शी और ईमानदार सार्वजनिक जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। उनके जीवन से शिक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व और सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सीख मिलती है।
कार्यक्रम में रामनरेश राय, एस.के. पांडे, आनंद कुमार, शाहबाज अहमद खान, विजय कुमार, सरोज कुमार, चंचल, अलका रानी, अजय ठाकुर सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।