एएन सिन्हा समाज अध्ययन संस्थान की नियंत्रण परिषद में शामिल हुए बीआरएबीयू के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय
- Post By Admin on Jul 06 2026
मुजफ्फरपुर : बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय को पटना स्थित प्रतिष्ठित अनुग्रह नारायण सिन्हा समाज अध्ययन संस्थान की नियंत्रण परिषद का सदस्य मनोनीत किया है। यह मनोनयन उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी दो वर्षों तक प्रभावी रहेगा।
मनोनीत किए जाने पर प्रो. दिनेश चंद्र राय ने बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अनुग्रह नारायण सिन्हा समाज अध्ययन संस्थान सामाजिक एवं आर्थिक विमर्श का एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में केवल पारंपरिक शोध तक सीमित रहने के बजाय ऐसा सशक्त अकादमिक वातावरण विकसित करने की आवश्यकता है, जो डेटा आधारित नीति निर्माण को मजबूती प्रदान कर सके।
प्रो. राय ने कहा कि नियंत्रण परिषद के सदस्य के रूप में उनका प्रयास अंतःविषय अनुसंधान को बढ़ावा देने का होगा, ताकि बिहार के समावेशी विकास को गति मिल सके और सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान खोजे जा सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा, शोध और नीति निर्माण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना समय की प्रमुख आवश्यकता है।
कुलपति प्रो. राय के इस मनोनयन पर बीआरएबीयू के वरिष्ठ प्राध्यापकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रो. राय के व्यापक शैक्षणिक अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व और प्रशासनिक दक्षता का लाभ अनुग्रह नारायण सिन्हा समाज अध्ययन संस्थान को मिलेगा तथा संस्थान की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अकादमिक पहचान को नई मजबूती प्राप्त होगी।