बिहार गौरव क्विज में छात्रों का जलवा, 202 प्रतिभागियों ने दिखाई ज्ञान की ताकत

  • Post By Admin on Mar 20 2026
बिहार गौरव क्विज में छात्रों का जलवा, 202 प्रतिभागियों ने दिखाई ज्ञान की ताकत

लखीसराय : समाहरणालय स्थित गांधी मैदान के खेल भवन में शुक्रवार को जिला प्रशासन के तत्वावधान में “बिहार गौरव क्विज प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के कुल 202 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को दो-दो के समूह में शामिल किया गया, जिसमें कुल 101 टीमों ने हिस्सा लिया। जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र द्वारा नामित नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा की देखरेख में आयोजित इस क्विज में छात्रों ने बिहार से जुड़े 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के उत्तर ओएमआर शीट पर दिए।

इस प्रतियोगिता में विद्या भवन बालिका विद्यापीठ, डीएवी पब्लिक स्कूल, उच्च विद्यालय रेउटा गोपालपुर, मध्य विद्यालय वलीपुर, उमवि गोविन्द बीघा, स्काई विजन पब्लिक स्कूल, उच्च माध्यमिक विद्यालय गढ़ी विशनपुर, बिलौरी तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा ने बताया कि प्रतियोगिता का परिणाम आगामी रविवार को 'बिहार दिवस' के अवसर पर घोषित किया जाएगा। सफल प्रतिभागियों को त्रिदिवसीय बिहार दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में शिक्षक शशांक शेखर, गोविन्द कुमार, प्रिया कुमारी एवं बबीता कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में बिहार के इतिहास, संस्कृति, भूगोल और समसामयिक विषयों से जुड़े रोचक प्रश्न पूछे गए, जिससे छात्रों में ज्ञान और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिला।