मुंबई में प्री-मॉनसून बारिश का कहर, बीएमसी ने दर्ज की 79 घटनाएं, तीन घायल

  • Post By Admin on May 27 2025
मुंबई में प्री-मॉनसून बारिश का कहर, बीएमसी ने दर्ज की 79 घटनाएं, तीन घायल

मुंबई : मॉनसून की आधिकारिक दस्तक से पहले ही मुंबई में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। रविवार और सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश के चलते शहर में शॉर्ट सर्किट, पेड़ गिरने और इमारतों के हिस्से ढहने जैसी 79 घटनाएं दर्ज की गई हैं। बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है और कई इलाकों में यातायात ठप पड़ गया।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 स्थानों पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटनाएं हुईं जबकि 45 जगहों पर पेड़ गिरने की सूचना मिली। इसके अलावा 9 स्थानों पर मकानों की दीवारें या हिस्से गिरने की घटनाएं भी दर्ज की गईं, जिनमें तीन लोग घायल हुए हैं।

सबसे गंभीर घटना फोर्ट इलाके में सेंट जेवियर्स कॉलेज के पास घटी, जहां एक पेड़ गिरने से 24 वर्षीय साईराज पवार घायल हो गया। उसे तुरंत सेंट जॉर्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। माहिम पश्चिम में एक दो मंजिला मकान की दीवार गिरने से दो लोग मलबे में दब गए थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बारिश और इससे जुड़ी घटनाओं के बाद शहर की सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने कोंकण, मुंबई और पश्चिमी महाराष्ट्र के कई जिलों में आगामी दिनों में और अधिक बारिश का अलर्ट जारी किया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने संबंधित प्रशासनिक इकाइयों को सतर्क रहने और राहत कार्यों को तेज़ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुणे, सतारा, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, ठाणे और पालघर जैसे बारिश प्रभावित जिलों में आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा भी की है।

शहर प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।