विश्व गौरैया दिवस पर पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

  • Post By Admin on Mar 20 2026
विश्व गौरैया दिवस पर पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

लखीसराय : विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर शुक्रवार को लखीसराय जिले के बिछबे, किऊल और चानन क्षेत्र में पर्यावरण भारती के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी विवेक कुमार ने किया, जबकि नवीन कुमार ने सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि जैव विविधता के संरक्षण में छोटे पक्षियों, विशेषकर गौरैया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि गौरैया कीट-पतंगों को खाकर उनकी संख्या नियंत्रित करती है, जिससे पर्यावरण संतुलन बना रहता है।

उन्होंने जानकारी दी कि पहली बार 20 मार्च 2010 को “विश्व गौरैया दिवस” मनाया गया था, जिसकी शुरुआत पक्षी संरक्षण संगठन ‘नेचर फॉरएवर’ द्वारा की गई थी। आज यह दिवस 50 से अधिक देशों में मनाया जा रहा है। वर्ष 2012 में दिल्ली सरकार ने गौरैया को राज्य पक्षी घोषित किया था।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अत्यधिक कीटनाशकों के उपयोग और पर्यावरणीय बदलावों के कारण गौरैया की संख्या में भारी गिरावट आई है। 1980 के दशक की तुलना में वर्तमान में लगभग 80 प्रतिशत गौरैया कम हो गई हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने घरों के आसपास झाड़ीदार पौधे जैसे शमी, बबूल और नींबू लगाएं, ताकि गौरैया को सुरक्षित आवास मिल सके।

इसके साथ ही लोगों को घरों के आसपास दाना-पानी रखने और खेतों में रासायनिक कीटनाशकों के उपयोग से बचने की भी सलाह दी गई। कार्यक्रम में राजेश साह, संगीता कुमारी, जीयांशु कुमार, अंकित कुमार, संतोष कुमार, सदन प्रसाद, सागर महतो, प्रेम प्रकाश सहित कई लोग शामिल हुए।