पटना में BPSC को लेकर उबाल : प्रदर्शनकारियों ने तोड़ी बैरिकेडिंग, पुलिस से झड़प

  • Post By Admin on Aug 29 2026
पटना में BPSC को लेकर उबाल : प्रदर्शनकारियों ने तोड़ी बैरिकेडिंग, पुलिस से झड़प

पटना : BPSC अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर पटना में शनिवार को माहौल गरमा गया। अभ्यर्थियों के समर्थन में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जेपी गोलंबर पर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई।

प्रदर्शनकारियों की बड़ी संख्या को देखते हुए जेपी गोलंबर से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। हालांकि, कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने BPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी और अभ्यर्थियों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने BPSC अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि जांच के बाद सही और पारदर्शी परिणाम सामने लाया जाए। प्रदर्शनकारियों ने BPSC अभ्यर्थियों से जुड़े मुद्दों के अलावा आरक्षण समेत विभिन्न मांगों को भी उठाया। जेपी गोलंबर पर बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के बाद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रदर्शन स्थल पर पुलिस बल तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी गई।