मुजफ्फरपुर में विकास की रफ्तार तेज, सड़क और पुल निर्माण की बड़ी योजनाओं को मिली मंजूरी
- Post By Admin on Feb 05 2025
.jpg)
मुजफ्फरपुर : शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने मुजफ्फरपुर में कई अहम सड़क और पुल निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है, जिससे यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम से राहत दिलाने की योजना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इन योजनाओं पर मुहर लगी।
दरभंगा जाने का सफर होगा आसान, बनेगी नई सड़क
शहर में सबसे अहम परियोजना चंदवारा पुल को सीधे मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन (एनएच-27) से जोड़ने की योजना है। पुल निर्माण विभाग 2.9 किलोमीटर लंबी इस सड़क को 120 करोड़ रुपए की लागत से बनाएगा। इसके अलावा, अमर शहीद खुदीराम बोस चिता स्थल से लेकर डॉ. जगन्नाथ मिश्रा पुल और फिर दरभंगा एनएच-27 तक 2.2 किलोमीटर लंबी सड़क का भी निर्माण होगा, जिसकी चौड़ाई 14 मीटर होगी। इस परियोजना पर 22 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे, जबकि भूमि अधिग्रहण के लिए 80 करोड़ रुपए से अधिक की राशि निर्धारित की गई है।
जेल रोड से जुड़ेगा चंदवारा पुल, पूसा-समस्तीपुर की कनेक्टिविटी भी होगी बेहतर
चंदवारा पुल के लिए एप्रोच पथ निर्माण कार्य जारी है, जिसे जेल रोड से जोड़ा जाएगा। इससे पूसा और समस्तीपुर की ओर से आने वाले वाहन सीधे दरभंगा एनएच-27 तक पहुंच सकेंगे। वहीं, शहर के लोगों के लिए चिता स्थल के पास से नई सड़क बनाई जाएगी, ताकि वाहनों का जंक्शन न बने और जाम की समस्या खत्म हो।
दरभंगा, मधुबनी और पूर्णिया को जोड़ेगा नया कॉरिडोर
कैबिनेट ने चांदनी चौक से बखरी तक 7.65 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण को मंजूरी दी है। फिलहाल यह सड़क टू लेन है, लेकिन इसे 14 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस पर करीब 89.77 करोड़ रुपए खर्च होंगे। पथ निर्माण विभाग इसे दरभंगा, पूर्णिया और मधुबनी को जोड़ने वाले ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के रूप में विकसित करेगा।
चांदनी चौक से रामदयालु एनएच-122 होगी छह लेन
शहर की एक और अहम परियोजना चांदनी चौक से रामदयालु तक एनएच-122 को छह लेन में तब्दील करने की योजना को भी मंजूरी मिल गई है। इस सड़क पर ट्रैफिक का दबाव अधिक होने के कारण अक्सर जाम की समस्या रहती है। अब 44.76 करोड़ रूपए की लागत से इसका चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू होगी।
रामदयालु और गोबरसही आरओबी को मिली स्वीकृति, जाम से मिलेगी निजात
शहरवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग पर सरकार ने रामदयालु और गोबरसही रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके निर्माण से मुजफ्फरपुर-हाजीपुर एनएच पर जाम की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
रामदयालु आरओबी पर 2.48 अरब रुपए खर्च होंगे। वहीं, गोबरसही आरओबी पर 1.67 अरब रुपए की लागत आएगी। इन दोनों परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण की राशि भी शामिल है। पुल निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मार्च 2025 से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
पंचायती राज मंत्री और भाजपा नेताओं ने जताया आभार
पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने जिले में सड़कों और आरओबी की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इससे शहर के अंदर और एनएच पर जाम से राहत मिलेगी। वहीं, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि लकड़ीढाही पुल और दरभंगा फोरलेन कनेक्टिविटी से शहर पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा।
नए प्रोजेक्ट से शहरवासियों को राहत
मुजफ्फरपुर में स्वीकृत ये परियोजनाएं शहर की यातायात व्यवस्था को बदलने का काम करेंगी। सड़कें चौड़ी होने से जहां सफर सुगम होगा, वहीं पुल और आरओबी निर्माण से ट्रैफिक जाम की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी। सरकार ने टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया है, जिससे निर्माण कार्य समय पर शुरू होकर तय समय सीमा में पूरा हो सके।