महाराष्ट्र : विरार में इमारत ढहने से 14 की मौत, बचाव अभियान जारी

  • Post By Admin on Aug 28 2025
महाराष्ट्र : विरार में इमारत ढहने से 14 की मौत, बचाव अभियान जारी

मुंबई : महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार में बुधवार तड़के चार मंजिला रमाबाई अपार्टमेंट का पिछला हिस्सा अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में मां-बेटी समेत कुल 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की।

मलबे से अब तक छह शव बरामद किए गए, जबकि कई घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बुधवार देर रात लगभग 12.05 बजे घटी इस घटना के बाद से बचाव अभियान 24 घंटे से अधिक समय से लगातार जारी है।

वसई-विरार नगर निगम (VVMC) और जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक 17 लोगों की पहचान की गई है, जिनमें 14 मृत, एक गंभीर रूप से घायल और दो को जिंदा बाहर निकाला गया है। जिला कलेक्टर इंदु रानी जाखड़ ने आशंका जताई है कि मलबे में अभी और लोग फंसे हो सकते हैं।

घटना स्थल पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 5वीं बटालियन की दो टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगी हैं। भारी मशीनें संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाके तक देर से पहुंच पाईं, जिस कारण मलबा हटाने में बाधा आई। शुरुआती कई घंटों तक नगर निगम की टीमों और NDRF ने हाथ से मलबा हटाया, बाद में मशीनों की मदद से काम तेज किया गया।

VVMC प्रवक्ता ने बताया कि 2012 में निर्मित इस अपार्टमेंट में कुल 50 फ्लैट थे, जिनमें से 12 अपार्टमेंट वाला हिस्सा ढह गया। निगम ने पुष्टि की है कि इमारत अवैध थी। निगम की शिकायत पर पुलिस ने बिल्डर को गिरफ्तार कर लिया है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विवेकानंद कदम ने बताया कि जिस ‘चॉल’ पर यह इमारत गिरी, वह घटना के समय खाली थी। एहतियातन, आसपास की सभी चॉलों को खाली करा दिया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।

इस हादसे से कई परिवार बेघर हो गए हैं। फिलहाल प्रभावित लोगों को चंदनसर समाज मंदिर में ठहराया गया है, जहां उन्हें भोजन, पानी, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।