हिंदू नव वर्ष पर लखीसराय में आस्था का सैलाब, दीपों से जगमगाया मंदिर परिसर
- Post By Admin on Mar 20 2026
लखीसराय : जिले के पुरानी बाजार स्थित छोटी दुर्गा स्थान परिसर में गुरुवार की संध्या हिंदू नव वर्ष (शक संवत 2083) का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट लखीसराय के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान श्रीराम की पूजा, महाआरती, दीपोत्सव और आतिशबाजी ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर और रंगोलियों के आसपास कुल 501 दीप जलाए गए, जिससे पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। संत माइकल स्कूल के छात्रों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाईं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं, जोरदार आतिशबाजी ने उत्सव में चार चांद लगा दिए।
इस आयोजन का नेतृत्व नगर अध्यक्ष कुलभूषण गिरी ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन रूपेश कुमार बंटी एवं अन्य कार्यकर्ताओं के सहयोग से संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट के राष्ट्रीय संगठन महासचिव कृष्ण मुरारी ने हिंदू नव वर्ष की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक बताया। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने उपस्थित युवाओं को सामाजिक विकृतियों से दूर रहने और भारतीय संस्कृति को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम में जोश भर दिया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राकेश कुमार रंजीत, मुखिया जूली देवी, डॉ. ओमप्रकाश समेत कई वक्ताओं ने हिंदू नव वर्ष के महत्व और उसके जीवन में उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। आयोजन के अंत में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के चरणों में नमन कर प्रसाद ग्रहण किया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय लोग और संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन की भव्यता से प्रभावित होकर लोगों ने इसकी सराहना की और ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की मांग की।