लखीसराय में त्योहारों को लेकर हाई अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
- Post By Admin on Mar 17 2026
लखीसराय : आगामी चैत्र नवरात्र, ईद-उल-फितर, चैती छठ, रामनवमी एवं महावीर जयंती के मद्देनज़र मंगलवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने की।
बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रमुख स्थलों एवं मेलों में अग्निशमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके तहत प्रत्येक मेला क्षेत्र में फायर ब्रिगेड वाहन एवं प्रशिक्षित फायरमैन की तैनाती अनिवार्य की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटा जा सके। साथ ही पंडालों में पर्याप्त प्रवेश एवं निकास द्वार की व्यवस्था करने को कहा गया, जिससे भीड़ प्रबंधन सुचारु रहे।
पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने निर्देश दिया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर सादे लिवास में पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके। उन्होंने पूजा स्थलों पर अश्लील गानों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा धार्मिक कार्यक्रमों की गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी किया जाएगा।
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं पूजा समिति के सदस्यों से अपील की गई कि वे किसी भी आयोजन, जुलूस या पूजा कार्यक्रम के लिए आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करें और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा का कॉफी टेबल बुक देकर स्वागत किया। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि को राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।