लखीसराय में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर हाई अलर्ट, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा
- Post By Admin on Mar 17 2026
लखीसराय : माननीय मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जिला भ्रमण कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 19 मार्च 2026 को कजरा स्थित सोलर पावर प्लांट में आयोजित होने वाले “समृद्धि यात्रा” कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएं और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
पुलिस प्रशासन को रूट लाइनिंग, पार्किंग व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा टीम, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, नगर निकाय को साफ-सफाई एवं पेयजल की बेहतर व्यवस्था तथा परिवहन विभाग को सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। आपदा प्रबंधन टीम को भी किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित और सफल होना चाहिए।
बैठक में अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।