लखीसराय में ‘मिडिएशन फॉर नेशन 3.0’ को लेकर न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक

  • Post By Admin on Sep 01 2026
लखीसराय में ‘मिडिएशन फॉर नेशन 3.0’ को लेकर न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक

लखीसराय : नालसा एवं बालसा के निर्देशानुसार संचालित ‘मिडिएशन फॉर नेशन 3.0’ ड्राइव को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लखीसराय में न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम के मार्गदर्शन में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, लखीसराय के प्रकोष्ठ में हुई। इसकी अध्यक्षता प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्री पवन कुमार झा ने की।

बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आशीष कुमार अग्निहोत्री, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम रंजीत कुमार सोनू, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी शिप्रा कुमारी सहित न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी हिमांशु भार्गव, सुमन चंद्र और श्रीनिवास शर्मा तथा न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय श्रेणी प्रशांत कुमार उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान ‘मिडिएशन फॉर नेशन 3.0’ अभियान को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। न्यायालयों में लंबित ऐसे वादों की पहचान करने पर जोर दिया गया, जिनमें आपसी समझौते और सुलह की संभावना मौजूद है। चिन्हित मामलों में संबंधित पक्षों को नोटिस भेजने तथा उन्हें मध्यस्थता की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर भी विचार किया गया।

न्यायिक पदाधिकारियों ने मध्यस्थता के लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक पक्षकार आपसी सहमति से विवादों का समाधान कर सकें। बैठक में यह सहमति बनी कि समझौते की संभावना वाले अधिक से अधिक वादों को चिन्हित कर उन्हें मध्यस्थता केंद्र भेजा जाएगा, जिससे मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सके।