लखीसराय में पर्याप्त LPG स्टॉक, कालाबाजारी करने वालों पर प्रशासन का शिकंजा

  • Post By Admin on Mar 19 2026
लखीसराय में पर्याप्त LPG स्टॉक, कालाबाजारी करने वालों पर प्रशासन का शिकंजा

लखीसराय : जिले में घरेलू गैस (एलपीजी) की किल्लत को लेकर फैली आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लखीसराय में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आपूर्ति व्यवस्था को लेकर विशेष बैठक कर हालात की समीक्षा की।

प्रशासन ने साफ कहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और अफवाहों से दूर रहें। कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिले के सभी प्रखंडों में त्रिस्तरीय धावा दल (रेड स्क्वाड) का गठन किया गया है। इस टीम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष शामिल हैं, जो लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं।

अब तक जिले में 32 स्थानों पर निरीक्षण किए जा चुके हैं। प्रशासन ने कड़ा निर्देश दिया है कि यदि कोई गैस वितरक कालाबाजारी में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जिले की 18 गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में 5778 गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए समाहरणालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 06346-232952 जारी किया गया है, जिस पर आम लोग अपनी शिकायत या सूचना दर्ज करा सकते हैं।

वहीं, भारत सरकार की नई व्यवस्था के तहत अब उपभोक्ता पिछली गैस डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही गई है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत के अनुसार ही गैस लें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।