एलपीजी आपूर्ति को लेकर लखीसराय प्रशासन सतर्क, कालाबाजारी रोकने के सख्त निर्देश
- Post By Admin on Mar 17 2026
लखीसराय : मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लखीसराय जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित भीड़ और कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा कई अहम कदम उठाए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं संबंधित थानाध्यक्ष की त्रिस्तरीय छापामार टीम का गठन किया है। ये टीमें लगातार भ्रमणशील रहकर गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने का काम करेंगी।
सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे नियमित रूप से छापेमारी कर स्थिति की रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को दें और दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने एलपीजी गैस वितरकों को भी स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी कीमत पर गैस सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी न की जाए। ऐसा करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनता की शिकायतों के समाधान के लिए समाहरणालय में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06346-232952 है।
जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने जानकारी दी है कि लखीसराय में कुल 16 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और वर्तमान में 6149 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार ही गैस प्राप्त करें। साथ ही शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों की बुकिंग व्यवस्था लागू की गई है।