मानसून में हाईवे पर बढ़ी निगरानी, 24 घंटे गश्त के निर्देश

  • Post By Admin on Jul 30 2026
मानसून में हाईवे पर बढ़ी निगरानी, 24 घंटे गश्त के निर्देश

नई दिल्ली: देशभर में मानसून के दौरान बढ़ते सड़क हादसों और जलभराव की स्थिति को देखते हुए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और एक्सप्रेसवे प्रबंधन एजेंसियों को 24 घंटे गश्त बढ़ाने तथा आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने का आदेश दिया है।

निर्देशों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्गों पर गश्ती दलों और आपातकालीन वाहनों की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में तुरंत राहत और सहायता उपलब्ध कराई जा सके। मंत्रालय ने लगातार बारिश से जलभराव की आशंका वाले संवेदनशील स्थानों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर वहां तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं, जिससे यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।

बारिश के दौरान वाहन खराब होने या सड़क दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों की सहायता के लिए एनएचएआई की हेल्पलाइन 1033, इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम और क्रेन सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा मंत्रालय ने देशभर में चल रहे विभिन्न एक्सप्रेसवे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की है। बारिश से प्रभावित परियोजनाओं के लिए मानसून समाप्त होने के बाद कार्यों में तेजी लाने हेतु पोस्ट-मानसून एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें।