गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स फुकेट फरार, पुलिस ने इंटरपोल से मांगी मदद
- Post By Admin on Dec 08 2025
पणजी : गोवा के नाइट क्लब अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा घटना के तुरंत बाद देश छोड़कर फरार हो गए। आधी रात को हुए इस भयानक हादसे के बाद दोनों आरोपी दिल्ली से मुंबई पहुँचे और वहां से 7 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे इंडिगो फ्लाइट 6ई 1073 से फुकेट रवाना हो गए।
गोवा पुलिस के अनुसार, एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों को कस्टडी में लेने के लिए जब पुलिस दिल्ली पहुँची, तब तक आरोपी घर छोड़ चुके थे। उनके घर पर छापेमारी की गई, लेकिन कोई नहीं मिला। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत घर पर नोटिस चिपकाया गया।
फरार आरोपियों पर लुकआउट नोटिस और इंटरपोल की मदद
गोवा पुलिस ने 7 दिसंबर तक दोनों आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया। इमिग्रेशन रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों भाई घटना के कुछ ही घंटे बाद देश छोड़ चुके थे। फिलहाल, गोवा पुलिस ने सीबीआई के इंटरपोल डिवीजन से आधिकारिक सहायता मांगकर फुकेट में उनकी लोकेशन ट्रैक कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अन्य गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
इस बीच, आरोपी भारत कोहली को दिल्ली से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर गोवा लाया गया है। उससे आगामी पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाएं तेज कर दी गई हैं, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।
अग्निकांड में मारे गए सभी शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।