बिहार में गंडक-कोसी का जलस्तर बढ़ा, कई जिलों में अलर्ट; प्रशासन ने निगरानी बढ़ाई
- Post By Admin on Aug 31 2026
पटना: नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बाद बिहार की गंडक और कोसी नदियों में पानी का दबाव बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए वाल्मीकिनगर बैराज के सभी 36 गेट और कोसी बैराज के 20 गेट खोल दिए गए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि पिछले 24 घंटे में दोनों नदियों के जलस्तर और डिस्चार्ज में कमी दर्ज की गई है।
जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सारण और गोपालगंज जिलों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर और तटवर्ती इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए प्रशासन तैयार है। इस बीच सोशल मीडिया पर कोसी नदी और कोसी बैराज को लेकर कई तरह की भ्रामक सूचनाएं भी सामने आईं। सुपौल जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कोसी नदी का जलस्तर सामान्य दर से बढ़ रहा है और कोसी बैराज पूरी तरह सुरक्षित है। लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने की अपील की गई है।नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश का सीधा असर बिहार की नदियों पर पड़ता है। ऐसे में आने वाले घंटों में बारिश और जलप्रवाह की स्थिति महत्वपूर्ण रहेगी। खासकर नदी किनारे रहने वाले लोगों और निचले इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है।