महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा पर जोर, POSH एक्ट को लेकर जिला स्तर पर प्रशिक्षण
- Post By Admin on Mar 20 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न (POSH Act 2013) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, राज्य परियोजना प्रबंधक सह प्रशिक्षक अंकिता कश्यप, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) सह नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति बंदना पाण्डेय एवं जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दौरान बंदना पाण्डेय ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं नवपौधा भेंट कर सम्मानित किया।
अध्यक्षीय संबोधन में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए POSH अधिनियम लागू किया गया है। साथ ही सभी संस्थानों में आंतरिक शिकायत समिति (Internal Committee) के गठन के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षक अंकिता कश्यप ने POSH अधिनियम 2013 की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून महिलाओं को कार्यस्थल पर शारीरिक, मौखिक और गैर-मौखिक यौन उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि 10 या उससे अधिक कर्मचारियों वाले हर संस्थान में आंतरिक समिति का गठन अनिवार्य है और शिकायत दर्ज करने की समय सीमा घटना के तीन माह के भीतर निर्धारित की गई है।
कार्यशाला में बताया गया कि अनुचित स्पर्श, अभद्र टिप्पणियां और अश्लील सामग्री दिखाना यौन उत्पीड़न की श्रेणी में आता है। आंतरिक समिति के सदस्यों को निष्पक्ष जांच, साक्ष्य संकलन और गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, नियमों के उल्लंघन पर ₹50,000 तक जुर्माना और बार-बार उल्लंघन करने पर व्यापार लाइसेंस रद्द करने का प्रावधान भी बताया गया।
उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। कार्यक्रम में डॉ. रूपा, मुखिया जुली, जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, शिक्षक रंजन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, प्रिया चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। अंत में बंदना पाण्डेय द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।