गुरु-शिष्य परंपरा के तहत विद्यालय में नाट्य कार्यशाला, विद्यार्थियों ने सीखे रंगमंच के गुर
- Post By Admin on Jul 06 2026
मुजफ्फरपुर: अभिनन्दन, मुजफ्फरपुर द्वारा गुरु-शिष्य परंपरा के अंतर्गत सोमवार को राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालय, कन्हौली कलकतिया गाछी में नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नेहा कुमारी एवं नाट्य प्रशिक्षक सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यशाला में अभिनन्दन के कलाकारों ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को रंगमंच की बारीकियों से परिचित कराया। नाट्य प्रशिक्षक सुनील कुमार एवं प्रभात कुमार ने प्रतिभागियों को परिचय एवं आत्मविश्वास निर्माण, समूह में समन्वय, झिझक दूर करने, मंच पर प्रभावी उपस्थिति, स्वर एवं वाणी प्रशिक्षण, संवाद अदायगी, भाव-भंगिमा, इम्प्रोवाइजेशन (तत्काल अभिनय) तथा खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से अभिनय कौशल का प्रशिक्षण दिया। प्रधानाध्यापिका नेहा कुमारी ने कहा कि नाट्य कार्यशाला से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है, स्पष्ट एवं प्रभावी ढंग से बोलने की क्षमता विकसित होती है तथा नेतृत्व, टीमवर्क और रचनात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है। साथ ही मंच का भय भी दूर होता है और व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है।
मुख्य अतिथि समाजसेवी अनिल कुमार अनल ने कहा कि नाट्य कार्यशाला केवल अभिनय सीखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह प्रतिभागियों को व्यक्तित्व विकास, अभिव्यक्ति की कला और एक बेहतर कलाकार बनने की पूरी प्रक्रिया से परिचित कराती है। कार्यक्रम में सुनील कुमार, प्रभात कुमार, किरण कुमारी, पूनम कुमारी, रविना कुमारी, लक्ष्मीपाल, ज्योतिप्रभा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यशाला में भाग लिया।