भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं पर मंथन, त्वरित समाधान के निर्देश पारित
- Post By Admin on Mar 20 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के निवारण हेतु जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार सैनिकों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए नियमित रूप से ऐसी बैठकें आयोजित की जाती हैं। उन्होंने बताया कि लखीसराय में यह इस प्रकार की तीसरी बैठक है, जिसमें विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान वार मेमोरियल, कल्याणकारी योजनाओं, नियुक्ति और सेटलमेंट से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। खास तौर पर भूतपूर्व सैनिकों के भूमि संबंधी मामलों को प्राथमिकता दी गई। कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूतपूर्व सैनिक अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समर्पण के प्रतीक होते हैं और उनके अनुभव का लाभ समाज एवं जिले के विकास में लिया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सैनिकों और उनके परिजनों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए।
बैठक में उपाध्यक्ष डॉ. मेजर चंद्र मोहन प्रसाद, सदस्य सचिव कर्नल मनोज कुमार, भूतपूर्व नायक पंकज कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार सहित कई पदाधिकारी एवं भूतपूर्व सैनिकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।