खिदमत फाउंडेशन के ईद मिलन समारोह में जुटे गणमान्य, डीएम ने दिया एकता का संदेश
- Post By Admin on Mar 21 2026
लखीसराय : रमजान उल मुबारक के 30 रोजे पूरे होने के बाद शनिवार को जिलेभर में ईद-उल-फितर का त्योहार धूमधाम और अकीदत के साथ मनाया गया। इसी अवसर पर किऊल थाना क्षेत्र के गोड्डीह गांव में सामाजिक संस्था खिदमत फाउंडेशन, बिहार की ओर से भव्य ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र उपस्थित हुए। वहीं जदयू जिला अध्यक्ष रामानुज शर्मा, जिला वक्फ बोर्ड व उर्दू एक्शन कमिटी के अध्यक्ष सरफराज आलम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरफराज आलम ने की।
खिदमत फाउंडेशन, बिहार के सचिव व समाजसेवी फैयाज रहमानी के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में समाजसेवी व अधिवक्ता योगेंद्र कुमार योगी, राजद नेता प्रेम सागर चौधरी, पैक्स अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, निपेंद्र कुमार, डॉ. मोहम्मद आरिफ सहित कई लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान गोड्डीह गांव के युवाओं ने ईदी तरानों की आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसने समारोह में समां बांध दिया। प्रस्तुति से जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र सहित सभी अतिथि काफी प्रभावित हुए। समारोह की एक विशेष बात यह भी रही कि जिलाधिकारी के पिता की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।
ईद मिलन समारोह में हिंदू समुदाय के लोगों की सक्रिय भागीदारी ने गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर मिसाल पेश की। पूरे कार्यक्रम के दौरान सौहार्द, प्रेम और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला।
इस मौके पर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने सभी को ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईद का पर्व शांति, प्रेम और मोहब्बत का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं और लखीसराय के विकास में मिलजुलकर योगदान दें। साथ ही उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य और खुशहाल समाज की कामना भी की।