DU साउथ कैंपस के पास बड़ा हादसा : जमींदोज हुई बहुमंजिला इमारत, राहत कार्य शुरू
- Post By Admin on Sep 06 2026
नई दिल्ली : साउथ दिल्ली में दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास स्थित सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा पेश आया। यहां एक बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। छात्र बहुल इस इलाके में हुई घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
दमकल विभाग को दोपहर करीब 1:35 बजे हादसे की सूचना मिली थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर 12 दमकल गाड़ियां भेजी गईं। कंक्रीट के भारी स्लैब और लोहे के गर्डर हटाने के लिए एक्सकेवेटर की मदद ली जा रही है। मौके पर फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस और डिजास्टर रिस्पॉन्स टीमों के साथ स्थानीय नागरिक भी बचाव कार्य में हाथ बंटा रहे हैं।
स्थानीय चश्मदीदों के मुताबिक, जोरदार धमाके जैसी आवाज के साथ धूल का बड़ा गुबार उठा और पूरी इमारत जमींदोज हो गई। पास में ही पीजी हॉस्टल होने की वजह से कई छात्रों के फंसे होने का अंदेशा जताया जा रहा है। मलबे से कुछ घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया है, जबकि कुछ मौतों की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हताहतों की सटीक संख्या को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि DDMA, NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस और MCD सहित सभी एजेंसियां युद्ध स्तर पर राहत कार्य में जुटी हैं। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को भी खाली करा लिया गया है। वहीं, एनएसयूआई और आइसा जैसे छात्र संगठनों के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंचकर मदद कार्यों में सहयोग कर रहे हैं। मलबे को पूरी तरह हटाने के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।