बिहार दिवस समारोह में कविता और हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुति से दर्शक हुए मंत्रमुग्ध
- Post By Admin on Mar 24 2026
लखीसराय : बिहार दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय समारोह के दूसरे दिन सोमवार की संध्या नगर भवन, लखीसराय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोक कवि और प्रख्यात लेखक नीलोत्पल मृणाल ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, लोक कवि नीलोत्पल मृणाल तथा अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद जिला पदाधिकारी ने नीलोत्पल मृणाल को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों को भी सम्मानित किया गया।
अपने कार्यक्रम के दौरान नीलोत्पल मृणाल ने कविता, गीत, हास्य और व्यंग्य के माध्यम से ग्रामीण जीवन की सजीव झलक प्रस्तुत की। उन्होंने सरल और प्रभावशाली शैली में ग्रामीण परिवेश से जुड़ी कई प्रेरक और ज्ञानवर्धक बातें साझा कीं, जिससे दर्शक भाव-विभोर हो उठे। उनकी प्रस्तुति ने लोगों का भरपूर मनोरंजन करने के साथ ही उन्हें अपने गांव और समाज की पुरानी यादों से भी जोड़ दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एक बाल प्रतिभा हर्षित राज ने भी मंच पर गीत प्रस्तुत किया। उनके मधुर स्वर और आत्मविश्वास से भरे प्रदर्शन ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया। उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए जिला पदाधिकारी ने भी बच्चे के उत्साह और प्रस्तुति की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनकी प्रस्तुति को खूब सराहा। उनकी कविताओं और हास्य-व्यंग्य ने जहां दर्शकों को हंसने पर मजबूर किया, वहीं उनकी संवेदनशील अभिव्यक्ति ने लोगों के दिलों को भी छू लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।
जिला प्रशासन ने कहा कि बिहार दिवस के अवसर पर इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के साथ समाज में आपसी जुड़ाव और जागरूकता को भी बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, विद्यार्थी और बुद्धिजीवी मौजूद रहे।