समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे लखीसराय, सोलर प्लांट का किया उद्घाटन

  • Post By Admin on Mar 19 2026
समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे लखीसराय, सोलर प्लांट का किया उद्घाटन

लखीसराय : समृद्धि यात्रा के चौथे चरण के तहत नीतीश कुमार गुरुवार को जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड स्थित कजरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने बहुप्रतीक्षित सोलर प्लांट का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सोलर प्लांट परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया, जिनमें सरकार की विकासात्मक योजनाओं को प्रदर्शित किया गया था। उन्होंने विशेष रूप से जीविका स्टॉल का अवलोकन किया, जहां गैर कृषि गतिविधियों, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, दीदी की पौधशाला, सतत जीविकोपार्जन योजना और मशरूम उत्पाद, हस्तशिल्प, पौधे एवं अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी।

मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से उनके उत्पादों के निर्माण और विपणन की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने दीदी सिलाई केंद्र के शुभारंभ के लिए सांकेतिक चाभी सौंपी। साथ ही 4840 जीविका महिला स्वयं सहायता समूहों को 123 करोड़ 80 लाख रुपए का बैंक ऋण सांकेतिक चेक के माध्यम से प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री को बांस से बनी त्रिपुर सुंदरी महारानी स्थान, बड़हिया मंदिर का प्रतिरूप भेंट किया, जिसे मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभार्थी नीतू देवी ने तैयार किया था। दीदियों ने महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार भी जताया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान जिले में चल रही विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कजरा सोलर पावर प्लांट परिसर में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।

बैठक में जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्रा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ‘सात निश्चय-2’ और ‘सात निश्चय-3’ सहित अन्य विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही ‘सात निश्चय-3’ के तहत प्रस्तावित योजनाओं पर तत्काल कार्य शुरू करने को कहा।

रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ा लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि राज्य सरकार अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने, उद्यमियों को विशेष पैकेज देने और स्टार्टअप नीति के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (Ease of Living) के तहत आम लोगों की दैनिक समस्याओं को कम करने और जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार को देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहें।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया, जिसमें 5 हजार से अधिक जीविका दीदियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा की और पटना के लिए रवाना हो गए।