भाजपा के प्रशिक्षण महा अभियान में जुटे कार्यकर्ता, उपमुख्यमंत्री ने दिया राष्ट्र सेवा का संदेश
- Post By Admin on Mar 21 2026
लखीसराय : भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान के तहत नया बाजार मंडल का प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय विधानसभा प्रधान कार्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला प्रभारी संजय कुमार तथा पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक सशक्त विचारधारा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है, जहां कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण संगठन की मजबूती का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ काम करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को बूथ स्तर तक जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान संगठन को बूथ स्तर तक सुदृढ़ करने की एक संगठित और दीर्घकालिक पहल है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सक्रिय सहभागी है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता, संगठनात्मक दक्षता और जनसेवा की नई ऊर्जा मिलती है, जिससे वे सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचा सकते हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सात विषयों पर सत्र आयोजित किए गए, जिनमें सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग, भाजपा का इतिहास, वैचारिक अधिष्ठान, संगठन की कार्यपद्धति, कार्य विस्तार की रणनीति, बूथ प्रबंधन तथा सरकार की उपलब्धियां शामिल थीं। इन विषयों पर जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, प्रो. मनोरंजन कुमार, मणिकांत सिंह, जिला प्रभारी संजय सिंह, प्रो. वाल्मीकि शाह, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. देवानंद साहू तथा जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार ने कार्यकर्ताओं को विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार ने की, जबकि मंच संचालन जिला मंत्री हिमांशु पटेल ने किया। इस अवसर पर भाजपा महामंत्री सनोज साहू, जिला मंत्री अभिषेक सिंह, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास आनंद, मंडल महामंत्री रूपेश कुमार ‘बंटी’, अमित कुमार सहित मंडल कार्यसमिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता आती है और संगठन की नीतियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलती है।