बिहार में सौर ऊर्जा पर 1.38 लाख करोड़ का दांव, 24 GW क्षमता का लक्ष्य

  • Post By Admin on Sep 06 2026
बिहार में सौर ऊर्जा पर 1.38 लाख करोड़ का दांव, 24 GW क्षमता का लक्ष्य

पटना: बिहार अब बिजली की बढ़ती जरूरत को पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा पर बड़ा दांव लगाने की तैयारी में है। राज्य में अगले पांच वर्षों के दौरान सौर ऊर्जा के क्षेत्र में करीब 1.38 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक राज्य में 24 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता विकसित करना है। बिहार में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। गर्मियों के दौरान राज्य की बिजली जरूरत मौजूदा उत्पादन क्षमता से कई गुना अधिक पहुंच जाती है। ऐसे में सरकार सौर ऊर्जा के साथ-साथ ऊर्जा भंडारण की क्षमता विकसित करने पर भी जोर दे रही है। योजना के तहत लगभग 6 गीगावाट-घंटे की ऊर्जा भंडारण क्षमता तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

राज्य को फिलहाल अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा बाहर से बिजली खरीदकर पूरा करना पड़ता है। इसके लिए हर साल हजारों करोड़ रुपये खर्च होते हैं। सरकार का मानना है कि स्थानीय स्तर पर नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता बढ़ने से बिजली की उपलब्धता मजबूत होगी और बाहरी निर्भरता को कम करने में मदद मिलेगी। इस बड़े निवेश से सौर ऊर्जा संयंत्रों के अलावा उपकरण निर्माण, तकनीकी सेवाओं, ऊर्जा भंडारण, निर्माण और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में भी कारोबार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। विशेषज्ञों की नजर में यह योजना बिहार के ऊर्जा क्षेत्र के साथ-साथ औद्योगिक विकास और रोजगार के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।