बिहार में 6 करोड़ लोगों की होगी स्वास्थ्य जांच, बनेगा डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड

  • Post By Admin on Sep 02 2026
बिहार में 6 करोड़ लोगों की होगी स्वास्थ्य जांच, बनेगा डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड

पटना: बिहार सरकार ने राज्य के लोगों के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा अभियान शुरू किया है। ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान के तहत करीब 6 करोड़ लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान आज शुरू होकर 30 नवंबर तक राज्य के सभी 38 जिलों में चलेगा।

अभियान के दौरान 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की घर-घर जाकर प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की जाएगी। स्वास्थ्यकर्मी लोगों को जरूरी परामर्श देंगे और बीमारी के लक्षण मिलने पर आगे के उपचार की व्यवस्था की जाएगी। जांच के दौरान मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर, कैंसर, हृदय रोग, सांस एवं फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों और फैटी लिवर समेत कई गंभीर बीमारियों की पहचान पर जोर रहेगा। सरकार का उद्देश्य बीमारी गंभीर होने से पहले उसकी पहचान कर समय पर इलाज उपलब्ध कराना है। इस अभियान के साथ प्रत्येक नागरिक का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार करने की भी योजना है, जिससे भविष्य में मरीज के उपचार के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपयोगी साबित हो सकेगी।