पटना : महाकुंभ 2025 को हरित, स्वच्छ और पवित्र बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के नेतृत्व में 'कपड़े का एक थैला और स्टील की एक थाली' अभियान चलाया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने बताया कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया है। महाकुंभ प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक आयोजित होगा। इसमें 75 देशों से लगभग 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि भोजन में पत्तल के उपयोग से कचरे का पहाड़ बन सकता है जिससे गंगा और धरती प्रदूषित होंगी। इस समस्या से बचने के लिए स्टील की थाली और कपड़े के थैले का उपयोग किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक घर से थैला और थाली संग्रहित कर प्रयागराज भेजा जा रहा है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर पूर्व क्षेत्र कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह ने बताया कि महाकुंभ में पौष पूर्णिमा (13 जनवरी), मकर संक्रांति (14 जनवरी), मौनी अमावस्या (29 जनवरी), वसंत पंचमी (3 फरवरी), माघी पूर्णिमा (12 फरवरी) और महाशिवरात्रि (26 फरवरी) को विशेष स्नान होंगे।

संग्रहित थैले और थालियों को रेलवे और ट्रांसपोर्ट के माध्यम से "विजय निकेतन, राजेंद्र नगर, पटना" से प्रयागराज भेजा जा रहा है। थैले का आकार 15x12 इंच और थाली का आकार 14x11 इंच निर्धारित किया गया है। सामग्री प्रयागराज में डॉ. अमित पांडे और अंजनी कुमार त्रिपाठी के माध्यम से वितरित की जाएगी।

अभियान में क्षेत्र कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह, प्रांत प्रचारक उमेश रंजन, सेवा भारती के डॉ. अशोक कुमार, भाजपा नेता नीरज गौतम समेत कई सामाजिक और पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने इस पहल को सफल बनाने के लिए जनता से अधिक से अधिक योगदान देने की अपील की।