गैस संकट की आशंका के बीच लखीसराय में प्रशासन चौकस, कंट्रोल रूम शुरू
- Post By Admin on Mar 20 2026
लखीसराय : मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लखीसराय जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। गैस एजेंसियों पर संभावित भीड़ और अव्यवस्था को रोकने के लिए प्रशासन ने कई अहम कदम उठाए हैं और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिला प्रशासन ने सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय विशेष धावा दल का गठन किया है। यह टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर कालाबाजारी और जमाखोरी पर नजर रख रही है। अब तक जिले में 32 स्थानों पर निरीक्षण किया जा चुका है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे नियमित छापेमारी कर रिपोर्ट सौंपें और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए समाहरणालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका हेल्पलाइन नंबर 06346-232952 जारी किया गया है, जहां उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जिले की 16 गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में 6116 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है, जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार ही गैस लें और अनावश्यक भीड़ से बचें।
वहीं, भारत सरकार की नई व्यवस्था के तहत अब उपभोक्ता अंतिम डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे।