त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति-सौहार्द बनाए रखने के निर्देश

  • Post By Admin on Mar 17 2026
त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति-सौहार्द बनाए रखने के निर्देश

लखीसराय : आगामी पर्व ईद-उल-फितर, रामनवमी एवं महावीर जयंती के मद्देनज़र विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर मंगलवार को आयुक्त, मुंगेर प्रमंडल की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान आयुक्त ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जुलूस मार्गों के सत्यापन, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी जिलों में शांति समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाए और स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बुद्धिजीवियों के साथ समन्वय स्थापित कर किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति से निपटा जाए।

इसके साथ ही नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में लखीसराय जिला से जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रमंडल के सभी जिलों के जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।