अनुच्छेद 370 हटने के 7 वर्ष पूरे, पीएम मोदी बोले- विकास और विश्वास का नया दौर जारी
- Post By Admin on Aug 06 2026
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से अनुच्छेद 370 एवं अनुच्छेद 35(ए) के प्रावधान हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 भारत की विकास यात्रा का एक ऐतिहासिक और निर्णायक दिन था। उन्होंने कहा कि इस फैसले ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में शांति, विकास और विश्वास के नए युग की शुरुआत की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में कहा कि पिछले सात वर्षों में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में व्यापक परिवर्तन देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार हुआ है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और खेल के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध हुए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान पूरी तरह लागू होने के बाद महिलाओं, वाल्मीकि समाज, दलितों तथा अन्य वंचित वर्गों को वे संवैधानिक अधिकार प्राप्त हुए हैं, जिनसे वे लंबे समय तक वंचित रहे थे। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय और समान अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष 5 अगस्त का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि देश डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए डॉ. मुखर्जी का जो संकल्प था, वह 5 अगस्त 2019 के निर्णय के साथ साकार हुआ। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने सपनों को साकार करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।