समारोहपूर्वक धूमधाम से मना 30वां जिला स्थापना दिवस

  • Post By Admin on Jul 03 2024
समारोहपूर्वक धूमधाम से मना 30वां जिला स्थापना दिवस

लखीसराय : जिला समाहरणालय स्थित गांधी मैदान में बुधवार को 30वां जिला स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी रजनीकांत एवं पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

जिला स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में डीएम-एसपी ने वृक्षारोपण भी किया और रंग-बिरंगे गुब्बारे भी उडाए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा विकास मेला में लगाए गए स्टाल का उद्धघाटन किया। इस दौरान अग्निशमन के पदाधिकारियों द्वारा सिलेंडर में आग लगने पर क्या करें से, संबंधित प्रशिक्षण भी दिया गया।

विदित हो कि आज ही के दिन 1994 में पुराने मुंगेर जिला से अलग होकर लखीसराय जिला अधिसूचित हुआ था। इतने वर्षों के सफर में जिले में विकास की गाड़ी तेजी से आगे बढ़ी है। जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में काफी विकास हुआ है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी विकास की रफ्तार बढ़ी है। भारत सरकार के पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, सूबे के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और सूर्यगढ़ा के विधायक प्रह्लाद यादव का यह कार्यक्षेत्र है।

शहर के लाली पहाड़ी को राजकीय स्मारक का दर्जा मिला है। इसके अलावा इसके संरक्षण और रोप वे का निर्माण करने के लिए 32 करोड़ का डीपीआर बनाया गया है। जबकि 26 करोड़ रुपए की लागत से बालगुदर में उच्च स्तरीय संग्रहालय बना है। 30 वर्षों में लखीसराय जिले के टाल, दियारा के अलावा नक्सल प्रभावित क्षेत्र का भी विकास हुआ है।

30 वर्षों का लंबा सफर तय कर चुके इस जिला के स्थापना दिवस पर निबंध, पेंटिंग, खेलकूद, मेंहदी, रंगोली प्रतियोगिता एवं संध्या में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।