WPL 2026 : महिला सशक्तिकरण के विज़न के साथ मुंबई इंडियंस फिर मैदान में, ट्रॉफी पर नजर

  • Post By Admin on Jan 07 2026
WPL 2026 : महिला सशक्तिकरण के विज़न के साथ मुंबई इंडियंस फिर मैदान में, ट्रॉफी पर नजर

मुंबई : महिला प्रीमियर लीग (WPL) की सबसे सफल टीमों में शामिल मुंबई इंडियंस (MI) एक बार फिर नए जोश और आत्मविश्वास के साथ WPL 2026 में उतरने को तैयार है। पिछले तीन सीजन में दो बार खिताब जीत चुकी मुंबई इंडियंस की नजर इस बार भी ट्रॉफी पर टिकी है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 9 जनवरी को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा।

मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने प्री-सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा कि टीम का लक्ष्य एक बार फिर चैंपियन बनना है। उन्होंने कहा, “जब भी मैं मैदान पर उतरती हूं, मेरा मकसद ट्रॉफी जीतना होता है। नया साल WPL के साथ शुरू हो रहा है और मेरा उत्साह पहले जैसा ही है। हमने पिछले तीन सीजन में दो खिताब जीते हैं और इस बार भी बेहतरीन प्रदर्शन कर खिताब जीतने की कोशिश करेंगे।”

हरमनप्रीत ने मुंबई शहर से अपने खास रिश्ते का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मुंबई मेरी पहली नौकरी का शहर है और यह मेरे दिल के बहुत करीब है। यहां खेलने से मुझे हमेशा सकारात्मक ऊर्जा और अच्छे नतीजे मिले हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि यह सीजन भी मेरे और टीम के लिए यादगार साबित होगा।”

इस सीजन मुंबई इंडियंस की एक बड़ी खासियत ऑल-फीमेल कोचिंग स्टाफ है। पहली बार WPL में कोचिंग की जिम्मेदारी संभाल रहीं ऑस्ट्रेलिया की दो बार की वर्ल्ड कप विजेता लिसा कीटली ने कहा कि यह पहल टीम की मालिक नीता अंबानी के महिला सशक्तिकरण के विज़न को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में आगे बढ़ाने की सोच ऊपर से शुरू होती है और वही टीम की संस्कृति में नजर आती है।

मुंबई इंडियंस की मेंटर और बॉलिंग कोच झूलन गोस्वामी ने भी ऑल-फीमेल कोचिंग टीम को MI की बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था न सिर्फ खिलाड़ियों को प्रेरित करती है, बल्कि महिलाओं को आगे बढ़ाने की मुंबई इंडियंस की प्रतिबद्धता को भी मजबूती देती है।

मजबूत कोर टीम और स्पष्ट विज़न के साथ मुंबई इंडियंस WPL 2026 में एक बार फिर खिताब बचाने और महिला क्रिकेट में नई मिसाल कायम करने के इरादे से मैदान में उतरने को तैयार है।