भारत ने रविवार को 2025 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया है। जिससे क्रिकेट फैंस का उत्साह चरम पर है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने कीवियों से 25 साल पुराना हिसाब बराबर किया। इस जीत के साथ ही यह भारत का तीसरा खिताब हैं।
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट खोकर 251 रन बनाए, इसके जवाब में भारत ने 6 गेंद शेष रहते खिताबी मुकाबला अपने नाम किया। भारत ने 49 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रन बनाए। रविंद्र जडेजा ने भारत के लिए विजयी चौका लगाया। न्यूजीलैंड की टीम एक बार फिर फाइनल में हार गई है।
252 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी हुई। गिल 50 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुए। कुछ गेंद के बाद विराट कोहली दो गेंद में एक रन ही बनाकर एलबीडब्ल्यू हो गए। रोहित 83 गेंद में 76 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
श्रेयस अय्यर ने 62 गेंद में 48 रन की पारी खेली। उन्होंने अक्षर के साथ 61 रन की साझेदारी की लेकिन 39वें ओवर में सैंटनर का शिकार बने। अक्षर 40 गेंद में 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हार्दिक पांड्या 18 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें काइल जैमीसन ने आउट किया। केएल राहुल ने 33 गेंद में नाबाद 34 रन की शानदार पारी खेली। रविंद्र जडेजा ने 49वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत की जीत सुनिश्चित की।
इससे पहले न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने सर्वाधिक 61 रन की पारी खेली। उनके अलावा रचिन ने 37, ब्रेसवेल ने 41 रन बनाए। टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट खोकर 251 रन बनाए।
पहले बैटिंग कर रही न्यूजीलैंड की टीम को सलामी बल्लेबाज विल यंग और रचिन रविंद्र ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच 57 रन की साझेदारी हुई। वरुण चक्रवर्ती ने भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने यंग (15) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। रचिन रविंद्र 29 गेंद में 37 रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। केन विलियमसन 14 गेंद में 11 रन ही बना सके। टॉम लैथम ने 30 गेंद में 14 रन का योगदान दिया। ग्लेन फिलिप्स ने 34 रन की पारी खेली।
46ओवर में मोहम्मद शमी ने डैरिल मिचेल को आउटकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। डैरिल मिचेल ने 101 गेंदों में तीन चौके लगाते हुये (63) रनों की जूझारू पारी खेली।
सातवें विकेट के रूप में 49वें में कप्तान मिचेल सैंटनर(आठ) रनआउट हुए।
माइकल ब्रेसवेल ने 40 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 53) रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 251 रन का स्कोर खड़ा किया।भारत की ओर वरूण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिये। रविंद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इस शानदार जीत के साथ पूरे भारतवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। दुनिया के कोने कोने में रहना वाला हर एक भारतीय खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह मुकाबला क्रिकेट के एक बड़े मंच पर हुआ, जिसमें भारतीय टीम ने अपनी रणनीतिक योजना और टीमवर्क से न्यूजीलैंड को हराया।
इस जीत से भारत ने न केवल मैच की प्रतिष्ठा को बढ़ाया बल्कि अपनी ताकत भी साबित की। भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने बल्ले और गेंद दोनों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खासकर भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को परेशान किया, जबकि भारतीय बल्लेबाजों ने मैच में अपने शॉट्स और रन बनाने की अच्छी कोशिश की।










