अशोक धाम में श्रावणी मेला का उद्घाटन, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे शुभारंभ
- Post By Admin on Jul 20 2024

लखीसराय: बिहार के प्रसिद्ध अशोक धाम में इस वर्ष का श्रावणी मेला पवित्र पूर्णिमा के दिन उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा महारुद्राभिषेक के साथ शुरू किया जाएगा। इस मौके पर अन्नपूर्णा भोजनालय का भी उद्घाटन होगा।
अशोक धाम, जो धीरे-धीरे बिहार के देवघर के रूप में चर्चित हो रहा है, में श्रावणी मेला का शुभारंभ एक दिन पहले ही किया जा रहा है। जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने इस आयोजन की सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. कुमार अमित और संयोजक डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि नगर परिषद लखीसराय के वार्ड एक रजौना चैकी में स्थित ज्योतिर्मय शिवलिंग इंद्रदमनेश्वर महादेव पर श्रावण मास के दौरान लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक करते हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन और मंदिर प्रशासन विशेष दायित्व निभाते हैं। इस वर्ष भी ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए व्यवस्था की है। उपमुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने अशोकधाम श्रावणी महोत्सव के सफल आयोजन के लिए भरपूर सहयोग दिया है और वे निरंतर जिला प्रशासन के संपर्क में हैं।
सावन माह का प्रथम दिन सोमवार होने के कारण अधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए इस बार 21 जुलाई, आषाढ़ पूर्णिमा को ही अशोकधाम श्रावणी महोत्सव का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत 21 जुलाई को प्रातः 8 बजे श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर में महारुद्राभिषेक पूजा अर्चना से होगी। पूजा के उपरांत मां अन्नपूर्णा भोजनालय का उद्घाटन किया जाएगा, फिर 10 बजे अशोकधाम श्रावणी महोत्सव का विधिवत उद्घाटन होगा। इसके बाद शिवगंगा के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण कार्यक्रम भी रखा गया है।
जिलाधिकारी रजनीकांत और अन्य पदाधिकारी लगातार अशोक धाम पहुंचकर दिशा निर्देश दे रहे हैं। मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां कर रहे हैं।